महानगर जदयू की बैठक सम्पन्न, संगठन विस्तार और नगर की समस्याओं पर हुई चर्चा

समस्तीपुर में महानगर जनता दल (यू) की एक महत्वपूर्ण बैठक नगर जदयू अध्यक्ष अमित कुमार (मुन्ना जी) की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में नगर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए वार्ड स्तर तक विस्तार करने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में मुख्य मार्गदर्शन के रूप में जदयू के जिला अध्यक्ष दुर्गेश राय उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिला जनता दल (यू) के जिला प्रवक्ता अनस रिजवान, मुख्यालय प्रभारी सुबोध कुमार सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक के दौरान संगठनात्मक विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। नगर संगठन को सात सेक्टरों में विस्तारित किया गया, ताकि पार्टी की पहुंच और गतिविधियों को जमीनी स्तर तक मजबूत किया जा सके। इन सेक्टरों की जिम्मेदारी शुभकांत ठाकुर, अमित कुमार, गौरव शर्मा, रामपुकार सिंह, रविन्द्र ठाकुर, भोली जी (पूर्व वार्ड पार्षद प्रतिनिधि) एवं कमल किशोर गुप्ता को सौंपी गई।

बैठक में मौजूद पदाधिकारियों ने नगर की समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक प्रयास करने तथा आम लोगों की आवाज को प्रशासन तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता जताई। साथ ही संगठन को बूथ एवं वार्ड स्तर तक सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
पार्टी नेताओं ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान और संगठन की मजबूती दोनों ही प्राथमिकता में हैं, जिसके लिए आने वाले दिनों में विभिन्न स्तरों पर अभियान चलाए जाएंगे।
