सरायरंजन के नरघोघी खेल मैदान में बिहार पुलिस में चयनित 38 अभ्यर्थियों का सम्मान, श्री राम जानकी फिजिकल एकेडमी की बड़ी उपलब्धि

समस्तीपुर: जिले के सरायरंजन प्रखंड स्थित नरघोघी खेल मैदान में श्री राम जानकी फिजिकल एकेडमी द्वारा बिहार पुलिस में चयनित अभ्यर्थियों के सम्मान में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बिहार पुलिस में सफल हुए अभ्यर्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
समारोह में बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी के आप्त सचिव ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर चयनित अभ्यर्थियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर जिला जदयू युवा अध्यक्ष विशाल कुमार सहित कई गणमान्य लोग, अभिभावक एवं ग्रामीण मौजूद रहे।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और सही मार्गदर्शन के बल पर युवा किसी भी लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं ।

बिहार पुलिस में चयनित अभ्यर्थी क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।श्री राम जानकी फिजिकल एकेडमी के डायरेक्टर ऋतिक कुशवाहा ने बताया कि उनकी एकेडमी से इस बार 38 अभ्यर्थियों का चयन बिहार पुलिस में हुआ है, जो एकेडमी और पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि एकेडमी का उद्देश्य युवाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें सरकारी सेवाओं में सफलता दिलाना है।
सम्मान समारोह के दौरान चयनित अभ्यर्थियों और उनके परिजनों में खुशी का माहौल देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने एकेडमी की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए भविष्य में भी युवाओं को इसी प्रकार मार्गदर्शन देने की अपेक्षा जताई।कार्यक्रम का समापन चयनित अभ्यर्थियों को सम्मान पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर किया गया। इस अवसर पर सभी ने चयनित युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उनकी सफलता को पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया।
