92वीं बिहार राज्य जूनियर एवं सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में समस्तीपुर का दमदार प्रदर्शन, 28 पदकों पर जमाया कब्जा
समस्तीपुर/पटना: बिहार की राजधानी पटना स्थित पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 10 से 13 जून 2026 तक आयोजित 92वीं बिहार राज्य जूनियर एवं सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में समस्तीपुर जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 28 पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया।

चार दिनों तक चली इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में बिहार के सभी 38 जिलों के लगभग 1600 खिलाड़ियों ने भाग लिया।समस्तीपुर जिले की 54 सदस्यीय बालक एवं बालिका टीम 9 जून को प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए पटना रवाना हुई थी। टीम का नेतृत्व कोच सह मैनेजर मोहम्मद शाहिद आलम एवं आशुतोष कुमार ने किया।प्रतियोगिता के दौरान समस्तीपुर के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए 8 स्वर्ण, 9 रजत एवं 11 कांस्य पदक अपने नाम किए।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि ने जिले को राज्य स्तर पर एक नई पहचान दिलाई है।पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में रोहित राज, गौरव कश्यप, उत्पल आनंद, प्रताप शिवा, रविशंकर, सौरभ कुमार, मनीष कुमार, राकेश कुमार, सीमांत कुमार, हरिओम, ऋचा कुमारी, आँचल कुमारी, अभिलाषा कुमारी, मोनिका कुमारी, खुशी कुमारी, वैष्णवी कुमारी, मानसी कुमारी, सुमाती कुमारी, पुष्पांजलि कुमारी, रंजन कुमारी, सुकृति कुमारी, रिया कुमारी, निधि कुमारी, सरोजिनी कुमारी, निक्की कुमारी एवं अंजली सिंह शामिल हैं।

समस्तीपुर टीम की इस सफलता से जिले के खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों में खुशी का माहौल है। जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव रुस्तम अली एवं अध्यक्ष रज़ीउल इस्लाम सहित सभी पदाधिकारियों ने पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।इस अवसर पर टीम प्रबंधन से जुड़े मोहम्मद शाहिद आलम, आशुतोष कुमार, अमन कुमार, मोहम्मद सफाई, सैफ अली, राहुल कुमार, रौनक कुमार एवं रितिक कुमार ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि समस्तीपुर के खिलाड़ियों का यह प्रदर्शन जिले में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करने का कार्य करेगा।उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले दिनों में समस्तीपुर के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी जिले और बिहार का नाम रोशन करेंगे।

