बेगूसराय में हंसिया से हमला: मवेशी को खाना देने के दौरान विवाद, युवक गंभीर घायल, पांच दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं

बेगूसराय जिले के बछवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत दादूपुर पंचायत के भगवानपुर दुर्गा स्थान वार्ड संख्या 07 में आपसी विवाद के दौरान हंसिया से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में संजीत राय गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। परिजनों का आरोप है कि घटना के पांच दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस ने अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की है।
मिली जानकारी के अनुसार, घायल संजीत राय, पिता स्वर्गीय भैरव राय, अपने मवेशी को खाना दे रहे थे। इसी दौरान मवेशी धोने के समय पानी सरकारी गड्ढे में जा रहा था, जिसको लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इसी बात को लेकर गांव के ही नीतीश कुमार, पिता भुना राय, अपने परिवार के अन्य लोगों के साथ पहुंचे और संजीत राय पर हंसिया से हमला कर दिया।
हमले में संजीत राय का एक हाथ गंभीर रूप से जख्मी हो गया। परिजनों के अनुसार, वार के कारण हाथ की नस कट गई है, जिससे उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना की सूचना तुरंत बछवाड़ा थाना को दी गई थी, लेकिन पांच दिन गुजर जाने के बाद भी पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। परिजन लगातार थाना का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक मामले में सुनवाई और गिरफ्तारी नहीं होने से परिवार में आक्रोश है।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि सभी आरोपी फिलहाल फरार चल रहे हैं और पुलिस उनकी तलाश में गंभीरता नहीं दिखा रही है। वहीं गांव में घटना के बाद तनाव का माहौल बना हुआ है।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है, ताकि उन्हें न्याय मिल सके।

